उधमसिंह नगर में भाजपा ने मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। पार्टी ने घोषणा की है कि विधानसभा क्षेत्र के 150 बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए जाएंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बीएलए सूची तैयार करने और 15 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया।
खटीमा के लोनिवि अतिथि गृह में हुई इस बैठक में फरवरी में होने वाले SIR को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बूथ-स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और बीएलए नियुक्ति में सहयोग करने का आग्रह किया।
अमित कुमार पांडे ने कार्यकर्ताओं को SIR की प्रक्रिया और उसके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित समयसीमा के अंदर 150 बूथों पर बीएलए नियुक्त कर दिए जाएंगे।
बैठक को पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला महामंत्री रमेश जोशी और नंदन सिंह खड़ायत सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में नगर मंडल और विभिन्न वार्डों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।



Admin






