माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला इन दिनों अपने परिवार के साथ भारत दौरे पर हैं। सोमवार को वह मसूरी पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बचपन के दिनों को फिर से महसूस किया। नडेला ने मसूरी स्थित कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी वेवरली स्कूल का दौरा किया, जहां उन्होंने वर्ष 1970–1971 में प्राथमिक शिक्षा ग्रहण की थी।
इस दौरान सत्या नडेला ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी लीं। उनके साथ उनकी पत्नी अनुपम नडेला और बेटियां दिव्या एवं तारा भी मौजूद थीं। स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर शायमा और मैनेजर सिस्टर सूजी ने उनका स्वागत किया।
स्कूल के सोशल मीडिया इंचार्ज एवं हाउस मास्टर रितेश के. भट्टाचार्य ने बताया कि नडेला के मसूरी आने की सूचना पहले ही मिल गई थी, जिसके बाद सभी आवश्यक तैयारियाँ कर ली गई थीं। नडेला अमेरिका से भारत पहुंचे और फिर परिवार के साथ मसूरी आए।
सत्या नडेला के पिता बी.एन. युगांधर 1962 बैच के IAS अधिकारी थे और लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) में वर्ष 1988 से 1993 तक निदेशक रहे। उनकी इस यात्रा के दौरान कोऑर्डिनेटर जॉली जॉन सहित कई लोग मौजूद रहे।



Admin






