kotha
post authorAdmin 09 Dec 2025

मुख्यमंत्री धामी ने जनरल बिपिन रावत की चौथी पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि.

उत्तराखंड के गौरव और देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) स्व. जनरल बिपिन रावत की चौथी पुण्यतिथि पर सोमवार को प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कनक चौक स्थित रावत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सीएम धामी ने जनरल रावत के अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।

देहरादून में निकीत फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कर्नल अजय कोठियाल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने जनरल रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। फाउंडेशन के संस्थापक दीपक थपलियाल सहित कई लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

मसूरी में पौड़ी गढ़वाल विकास समिति और अलकनंदा मंदाकिनी विकास समिति ने शहीद स्थल पर हवन कर स्व. रावत को याद किया। अमित भट्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल और मेघ सिंह कंडारी ने उनके राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और कार्यकुशलता को प्रेरणास्रोत बताया।