kotha
post authorAdmin 08 Dec 2025

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: टिहरी के सतीश सिंह राणा की मौत से गांव में शोक, नौकरी करने गया था गोवा.

गोवा के एक नाइट क्लब में लगी आग में उत्तराखंड के पाँच कर्मचारियों की मौत हो गई। मृतकों में टिहरी जिले के चाह गाडोलिया निवासी सतीश सिंह राणा (28) भी शामिल हैं। हादसे की सूचना जैसे ही गांव पहुँची, पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया।

सतीश दो साल पहले चंडीगढ़ से गोवा होटल में नौकरी करने गया था। उनके पिता सुरेंद्र सिंह राणा खेतीबाड़ी और मेहनत मजदूरी करके परिवार चलाते हैं, जबकि मां संगीता देवी बेटे की मौत की खबर से बदहवास हैं। सतीश अगले महीने जनवरी में घर आने वाला था।

हादसे के बाद छोटा भाई सौरभ, जो चंडीगढ़ में काम करता है, तत्काल गोवा पहुँच गया। वहीं, सतीश के साथ काम करने वाले विजेंद्र और अरविंद उनके शव को गांव लाने की प्रक्रिया में हैं। परिजनों के अनुसार शव आज रात 7–8 बजे तक गांव पहुंच सकता है।
अग्निकांड में गांव के बेटे की मौत से आसपास के ग्रामीण लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। अंतिम संस्कार 9 दिसंबर को पैतृक घाट पर किया जाएगा।

मरने वालों में उत्तराखंड के सतीश सिंह, सुरेंदर सिंह, जितेंद्र सिंह, सुमित नेगी और मनीष सिंह शामिल हैं। ये नाइट क्लब में नौकरी करते थे। इस घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।