मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल कैंप मुख्यालय में आयोजित पूर्व अर्धसैनिक बल सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बलों के जवानों ने देश के हर क्षेत्र—कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से अरुणाचल तक—अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण के साथ सेवा की है। मुख्यमंत्री ने उन्हें वीरता, साहस और देशभक्ति का प्रतीक बताते हुए राष्ट्र की शान कहा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अर्धसैनिक बलों के कल्याण के लिए कई घोषणाएँ कीं। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रेजिडेंट पुलिस मेडल-गैलेंट्री से सम्मानित कर्मियों को 5 लाख रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी। जिन पूर्व अर्धसैनिकों या वीर नारियों के पास स्वयं की अचल संपत्ति नहीं है, उन्हें उत्तराखंड में संपत्ति क्रय पर 25% स्टाम्प शुल्क छूट दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य अर्द्धसैनिक बल कल्याण परिषद को पुनः क्रियाशील किया जाएगा और पुलिस मुख्यालय में इसके लिए कार्यालय कक्ष आवंटित होगा। साथ ही सैनिक कल्याण निदेशालय में उपनिदेशक (अर्धसैनिक) तथा बड़े जिलों में सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (अर्धसैनिक) के पद स्वीकृत किए जाएंगे। पूर्व अर्धसैनिकों को संविदा पर नियुक्त किया जाएगा। अर्धसैनिक बलों के बच्चों को भी शादी के लिए सैनिकों की तरह आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सीजीएचएस भवन निर्माण के लिए भूमि चयन के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि सैनिक कभी “भूतपूर्व” नहीं होता। वह जीवनभर सैनिक ही रहता है। मुख्यमंत्री ने अपने सैनिक परिवार के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सरकार का दायित्व है कि किसी शहीद परिवार को कठिनाई न हो। राज्य सरकार ने अर्धसैनिक बलों और शहीदों के परिजनों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है, साथ ही वीरता चक्रों से सम्मानित जवानों की सहायता राशि में भी वृद्धि की है।
मुख्यमंत्री ने अवैध बसावट व भू-कब्जों पर कड़े कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि कब्जामुक्त कराई गई है और 550 से अधिक अवैध संरचनाएँ ध्वस्त की गई हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा-रोधी कानून और नया भू-कानून लागू कर आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड वीरभूमि भी है, और सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ राज्य को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, कई अधिकारी, CRPF अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पूर्व अर्धसैनिक मौजूद रहे।



Admin






