kotha
post authorAdmin 05 Dec 2025

समय पर वेतन न मिलने से श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के शिक्षक नाराज़, आंदोलन की चेतावनी.

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में शिक्षकों का वेतन और पारिश्रमिक बिल समय पर जारी न होने के विरोध में विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (सूटा) ने नाराज़गी जताई है। संघ का आरोप है कि विश्वविद्यालय स्तर पर वेतन और अन्य बिलों की प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है।

पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने कहा कि कई वर्षों से विभिन्न पारिश्रमिक बिल लंबित हैं और नियमित वेतन भुगतान न होने से असंतोष बढ़ रहा है। बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो दूसरी तारीख से संघ प्रशासनिक व गैर-शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार करेगा।

शिक्षकों ने यह भी कहा कि जीपीएफ राशि का हर माह महालेखाकार कार्यालय में जमा न होने से ब्याज में विसंगतियाँ आ रही हैं। परिसर के शिक्षकों ने वित्तीय कार्यों के समाधान के लिए सहायक कुलसचिव (वित्त) को सप्ताह में कुछ दिन परिसर में तैनात करने की मांग की।

बैठक में संघ के अध्यक्ष प्रो. हेमंत सिंह, उपाध्यक्ष प्रो. कल्पना पंत, कोषाध्यक्ष प्रो. बी.एन. गुप्ता, सचिव प्रो. अंजनी दुबे, सह-सचिव प्रो. प्रमोद कुकरेती सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।