देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लगभग 8:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोहंड की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार सीमेंट से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और तीन–चार कारों व एक विक्रम टेम्पो सहित कुल छह वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक का एक पहिया सड़क किनारे नाले में धंस गया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि आसपास की कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद ट्रक से डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे आग लगने का खतरा बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, यातायात टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। सुरक्षा घेरे के बाद भीड़ और वाहनों को दूर हटाया गया तथा फायर टीम ने संभावित आग की आशंका को नियंत्रित किया। सड़क को लगभग ढाई घंटे बाद दोबारा खोल दिया गया।
ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके चलते उसने सामने एक ट्रक को बैक होते देखा और नियंत्रण खो बैठा।
सीओ सदर अंकित कंडारी, एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह सहित अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।
एक्सप्रेसवे एंट्री पॉइंट बना हादसों का हॉटस्पॉट
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहब्बेवाला क्षेत्र पिछले कुछ समय में लगातार होने वाले हादसों के कारण खतरनाक हॉटस्पॉट बन चुका है। यहां एक्सप्रेसवे से तेज रफ्तार में प्रवेश करने वाले वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिसका खामियाजा छोटे वाहनों और आम लोगों को उठाना पड़ता है।
पिछले डेढ़ वर्ष में इस क्षेत्र में कई बड़े हादसे हो चुके हैं। स्थानीय निवासियों ने यहाँ कड़ी गति सीमा और सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग की है।



Admin






