थानो क्षेत्र के बड़ासीग्रांट पंचायत में श्री आदर्श रामलीला समिति द्वारा इस वर्ष की रामलीला का पारंपरिक ढंग से भव्य शुभारंभ किया गया। पहले दिन की मंचित लीला में रावण की कठोर तपस्या, भगवान शिव से वरदान प्राप्त करना, कैलाश पर्वत उठाने की घटना, राजा दशरथ द्वारा पुत्रेष्ठि यज्ञ और अंत में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का सुंदर मंचन किया गया।
रामलीला के शुभारंभ की औपचारिक शुरुआत ग्राम प्रधान राहुल मनवाल और पूर्व प्रधान नितिन रावत ने संयुक्त रूप से की। आयोजन को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और दर्शकों ने राम जन्म की लीला का आनंद उत्साहपूर्वक लिया।
रामलीला समिति के अध्यक्ष दिनेश चुनारा ने बताया कि बड़ासीग्रांट में रामलीला का आयोजन दशकों से अनवरत होता आ रहा है। यहाँ के कलाकारों को उनकी उत्कृष्ट अभिनय प्रतिभा के कारण दूर-दूर के क्षेत्रों से भी मंचन के लिए निमंत्रण मिलता है, जो इस परंपरा की लोकप्रियता और विश्वसनीयता को दर्शाता है।
इस अवसर पर मंत्री गिरीश भारती, कोषाध्यक्ष नरेश चुनारा, उपाध्यक्ष रवि भारती, रेनू चुनारा, सर्वेश कुमार, धीरेंद्र आर्य, सोहन लाल, विनोद कुमार और प्रदीप कुमार समेत कई स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।



Admin






